Raipur Steel Plant Accident: छह मजदूरों की मौत पर सीएम साय ने जताया शोक, घायलों के बेहतर इलाज के दिये निर्देश

रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सिलतरा के एक निजी स्टील एंड पॉवर प्लांट में शुक्रवार को हुए हादसे पर सीएम विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सिलतरा के एक निजी स्टील एंड पॉवर प्लांट में शुक्रवार को हुए हादसे पर सीएम विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया है। हादसे में छह मजदूरों की मौत पर शोक जताया है। वहीं मुख्यमंत्री ने छह से अधिक घायलों के बेहतर इलाज के लिये संबंधित अधिकारियों के निर्देश दिये हैं।

सीएम साय ने ट्वीट कर लिखा कि रायपुर के सिलतरा स्थित फैक्ट्री में हुए दुर्घटना में छह श्रमिकों की मृत्यु और कई श्रमिकों के घायल होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन को घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये हैं। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

सिलतरा स्थित एक निजी स्टील प्लांट में निर्माणाधीन ढांचा (सिल्ली) गिरने से छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह मजदूर घायल हैं, जिसमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला प्रशासन ने घायलों को इलाज के लिए देवेंद्र नगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना धरसींवा पुलिस चौकी क्षेत्र की है।