रायपुर में सजेगा टी-20 का मंच : विजय अभियान जारी रखने उतरेगा भारत…रायपुर में क्रिकेट का खुमार

रायपुर।रायपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का माहौल बन गया है। भारत और न्यूजीलैंड की टीमें कल दोपहर रायपुर पहुंचीं। दोनों टीमें आज शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले सीरीज के दूसरे मैच में आमने-सामने होंगी।

भारतीय टीम कोर्टयार्ड होटल (छेरीखेड़ी) में ठहरी है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम हयात होटल में रुकी है।

भारतीय टीम पहले मैच में जीत के बाद आत्मविश्वास से भरी है और जीत का सिलसिला बरकरार रखने के लिए आज रायपुर के मैदान में उतरेगी,वही न्यूजीलैंड की टीम अपने पहली जीत तलाशेगी।

पहले मैच में बड़ी जीत से उत्साह से भरी भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में अपनी जीत की लय बरकरार रखने के लिए मैदान पर उतरेगी जिसमें शीर्ष क्रम में संजू सैमसन और ईशान किशन की भूमिका पर निगाह टिकी रहेगी। वनडे सीरीज में हारने के बाद भारत ने नागपुर में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 48 रन से शानदार जीत हासिल की थी लेकिन उस मैच में सैमसन और किशन बल्ले से कोई कमाल नहीं दिखा पाए थे।

रायपुर का मैदान आकार में बड़ा है, जिससे बाउंड्री भी लंबी रहती है। यहां छक्का लगाना आसान नहीं होता, लेकिन तेज आउटफील्ड के कारण चौके और तेजी से रन लेने के मौके ज्यादा रहते हैं। बड़े गैप होने की वजह से बल्लेबाज एक रन को दो रन में बदल सकते हैं। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का मैदान करीब 90 यार्ड लंबा है। बीसीसीआई के नियमों के अनुसार टी-20 मैच के लिए यहां लगभग 75 यार्ड की बाउंड्री तय की गई है। इससे पहले 1 दिसंबर 2023 को खेले गए मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने 7 और विपक्षी टीम ने 5 छक्के लगाए थे।