Rajya Sabha Elections 2026: भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा ने भरा नामांकन, शीर्ष नेताओं की रही मौजूदगी

रायपुर।छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की रिक्त हो रही सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने गुरुवार को विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक उनके प्रस्तावक के रूप में उपस्थित रहे।

नामांकन दाखिल करने के लिए विधानसभा पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मी वर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में फिलहाल पांच सदस्य प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें फूलो देवी नेताम और केटीएस तुलसी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त होने जा रहा है, जिसके चलते इन सीटों पर चुनाव कराया जा रहा है। वहीं राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल 29 जून 2028 तक है, जबकि भाजपा के देवेंद्र प्रताप सिंह का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक जारी रहेगा।