शैलदेवी महाविद्यालय में राखी मेकिंग वर्कशॉप एवं प्रदर्शनी का हुआ आयोजन

अंडा। रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में शैलदेवी महाविद्यालय, अंडा में एक दिवसीय ‘राखी मेकिंग वर्कशॉप’ एवं निर्मित राखियों की भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं लोककला से जोड़ना रहा।

वर्कशॉप के दौरान विद्यार्थियों को पारंपरिक एवं आधुनिक विधियों से आकर्षक राखियां बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने मौली धागा, मोती, जूट, रंगीन कागज, कुंदन सहित विभिन्न इको-फ्रेंडली एवं वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर सुंदर और आकर्षक राखियां तैयार कीं।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा तैयार राखियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शित राखियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों द्वारा उत्साहपूर्वक खरीदा गया। इससे विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन मिला।

आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल अपनी कला एवं सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय त्योहारों की सांस्कृतिक भावना का भी संदेश दिया।