यूनिक रीड इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल बेलरगांव में रक्षाबंधन पर पुलिस व सीआरपीएफ जवानों को बांधी गई राखी


नगरी/सिहावा,बेलरगांव।बेलरगांव स्थित यूनिक रीड इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें थाना सिहावा के पुलिसकर्मियों एवं बिरनासिल्ली स्थित सीआरपीएफ कैंप के जवानों को राखी बांधी गई।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी एल. एस. ठाकुर स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों से स्नेहपूर्वक राखी बंधवाई और उन्हें थाना परिसर का भ्रमण भी कराया। इस अवसर पर बच्चों को पुलिस कार्यप्रणाली, उनकी जिम्मेदारियों तथा सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इससे बच्चों में न सिर्फ सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान की भावना जगी, बल्कि वे जागरूक भी हुए।
इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने बिरनासिल्ली सीआरपीएफ कैंप का भी दौरा किया। वहां जवानों ने पूरे उत्साह के साथ बच्चों से राखी बंधवाई। घर-परिवार से दूर रहकर देश सेवा कर रहे जवानों के लिए यह क्षण अत्यंत भावुक और विशेष रहा। उन्होंने बच्चों को अपनी छोटी बहनों के रूप में अपनाते हुए, प्रेमपूर्वक आशीर्वाद दिया और धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस पुनीत आयोजन में स्कूल के संचालक श्री अमित चोपड़ा (बंटी) एवं दिव्यांश चोपड़ा तथा गोपाल साहू भी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों एवं समस्त स्कूल स्टाफ को इस भावनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम के आयोजन हेतु बधाई दी।

इस अवसर पर चोपड़ा ने कहा कि,
“ऐसे आयोजनों से बच्चों में सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का विकास होता है।”विद्यालय परिवार द्वारा इस अनूठे प्रयास के लिए समस्त अभिभावकों व समुदाय से सराहना प्राप्त हो रही है।