रामायण : रणबीर कपूर ने श्रीराम बन जीता दिल, रावण के किरदार में खूंखार लगे यश…क्या अपने देखा,जानिए पूरी स्टार कास्ट

इंटरटेनमेंट डेस्क सीजी मितान

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ का धमाकेदार ट्रेलर आखिरकार जारी कर दिया गया है. ट्रेलर में जहां एक तरफ श्रीराम के किरदार में रणबीर कपूर की सादगी और सौम्यता सीधे दिल में उतरती है, वहीं दूसरी तरफ रावण बने यश का खूंखार और पावरफुल अंदाज पूरी लाइमलाइट बटोर लेता है. फिल्म में साई पल्लवी माता सीता के रूप में बेहद खूबसूरत और प्रभावशाली नजर आ रही हैं. ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है।

नितेश तिवारी की मच-अवेटेड फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है. हिंदू पौराणिक महाकाव्य पर बनी इस भव्य फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और साउथ स्टार यश मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. फिल्म के विजुअल्स कमाल के हैं. सबसे ज्यादा यश ने रावण के किरदार में हैरान किया है. वहीं, भगवान श्रीराम के रोल में रणबीर कपूर ने दिल जीत लिया

रामायण के ट्रेलर की शुरुआत रावण (यश) के दमदार डायलॉग से होती है, जहां वह खुद को तीनों लोकों का स्वामी बताता है. जब उसका अत्याचार और विनाश चरम पर पहुंच जाता है, तब सृष्टि में संतुलन बनाने और धर्म की रक्षा के लिए भगवान विष्णु ‘श्रीराम’ के रूप में अवतार लेते हैं. इसके बाद स्क्रीन पर श्रीराम (रणबीर कपूर) के रूप में एंट्री होती है, जो बचपन से ही राक्षसों का संहार करते हैं और बाद में माता सीता से उनका विवाह होता है।

फिल्म का पहला भाग ‘रामायण: पार्ट 1’ इसी साल दिवाली 2026 के पावन अवसर पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा। इसके बाद इस महागाथा का दूसरा अध्याय यानी ‘रामायण: पार्ट 2’ दिवाली 2027 में बड़े पर्दे पर आएगा। ब्रह्म मुहूर्त में हुए इस ट्रेलर लॉन्च के साथ ही सिनेमा इतिहास के एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।

राम, सीता और लक्ष्मण की मुख्य जोड़ी
फिल्म में रणबीर कपूर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, वहीं साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी देवी सीता के रूप में उनके साथ नजर आएंगी. टीवी और फिल्मों के मशहूर एक्टर रवि दुबे भगवान राम के छोटे भाई और बेहद अहम किरदार लक्ष्मण के रूप में दिखाई देंगे. तीनों की यह जोड़ी पर्दे पर इस पौराणिक कहानी को एक नया आयाम देने वाली है.

लंकापति रावण और उनका परिवार
रॉकिंग स्टार यश फिल्म में रावण का खौफनाक और शक्तिशाली रूप पर्दे पर उतारेंगे. रावण की पत्नी मंदोदरी का किरदार काजल अग्रवाल निभा रही हैं, जबकि लंकापति की बहन शूर्पणखा के रोल में रकुल प्रीत सिंह नजर आएंगी. वहीं शूर्पणखा के पति विद्युज्जिह्व की भूमिका विवेक ओबेरॉय को मिली है. खबर है कि वह ही विभीषण का भी किरदार निभाने वाले हैं. रावण की मां कैकसी का किरदार मशहूर एक्ट्रेस शोभना निभाती दिखेंगी. ट्रेलर में मारीच की झलक भी दिखाई दी, जिसका किरदार सौरभ सचदेवा ने निभाया है.

अयोध्या के राजा और राजघराने के सदस्य
अयोध्या के महाराज और राम के पिता दशरथ का किरदार टीवी के ‘राम’ यानी दिग्गज एक्टर अरुण गोविल ने निभाया है. राजा दशरथ की रानियों में, कैकेयी का रोल लारा दत्ता निभा रही हैं- जिन्होंने राम को 14 साल के वनवास पर भेजा था और कौशल्या के किरदार में इंदिरा कृष्णन नजर आ रही हैं. इसके अलावा, मराठी सिनेमा के जाने-माने एक्टर आदिनाथ कोठारे प्रभु राम के भाई भरत की भूमिका में हैं. वहीं, कैकेयी की कुटिल दासी मंथरा के रोल में शीबा चड्ढा दिखाई देंगी.

हनुमान, इंद्रदेव और जटायु के किरदार
भले ही सनी देओल फिल्म के ट्रेलर में नजर न आए हों, लेकिन वह इस महाकाव्य में भगवान हनुमान का बेहद ताकतवर किरदार निभा रहे हैं. एक्टर कुणाल कपूर स्वर्ग के राजा इंद्र देव के रूप में नजर आएंगे. वहीं, जटायु के महत्वपूर्ण किरदार को अपनी दमदार और प्रभावशाली आवाज सीनियर एक्टर अनुपम खेर ने दी है.