RCB फिर बनी चैंपियन : लगातार दो खिताब जीतने वाली तीसरी टीम, 13वीं बार क्वालिफायर-1 की विजेता ही बनी चैंपियन

IPL2026।विराट कोहली के शानदार प्रदर्शन के दम पर आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराकर आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम किया। आरसीबी खिताब का बचाव करने में सफल रही। आरसीबी तीसरी ऐसी टीम है जो अपने खिताब का बचाव कर सकी है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस को हराकर आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। आरसीबी ने इस तरह लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया और वह टूर्नामेंट के इतिहास की चौथी सबसे सफल टीम बन गई। आरसीबी ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराया। गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन बनाए थे। जवाब में आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाकर मैच जीता।

छक्का लगाकर कोहली ने दिलाई जीत
आरसीबी के लिए एक बार फिर विराट कोहली जीत के हीरो बनकर उभरे। कोहली 42 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली अंत तक टिके रहे और उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी के लिए कोहली के साथ वेंकटेश अय्यर पारी की शुरुआत करने उतरे। वेंकटेश इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे। इन दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से खेलना शुरू किया और गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। वेंकटेश और कोहली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, लेकिन पांचवें ओवर में मोहम्मद सिराज ने वेंकटेश को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वेंकटेश 16 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल (1), कप्तान रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पांड्या (1) के विकेट गंवाए। आरसीबी ने 91 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे और लग रहा था कि यहां से गुजरात मैच फंसा सकती है, लेकिन सामने कोहली खड़े थे और उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों का बेहतरीन तरीके से सामना किया। गुजरात के लिए राशिद खान ने दो विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और अरशद खान को एक-एक विकेट मिला।

सीएसके-मुंबई के क्लब में शामिल आरसीबी

  • आरसीबी की टीम इसके साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और मुंबई इंडियंस के एलीट क्लब में शामिल हो गई है। 
  • आरसीबी तीसरी टीम बनी है जिसने आईपीएल में लगातार दो खिताब जीते हैं। 
  • आरसीबी ने 2025 और 2026 सीजन का खिताब अपने नाम किया। 
  • वहीं, सीएसके ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2010 और 2011 में खिताब का बचाव किया था। वहीं, मुंबई ने रोहित शर्मा की अगुआई में 2019 और 2020 का खिताब जीता था।