IPL2026।रजत पाटीदार की अगुआई वाली आरसीबी ने क्वालिफायर-1 की बाधा पार कर ली है। आरसीबी ने धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हराया। आरसीबी लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने में सफल रही है।

गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम गुजरात टाइटंस को 92 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंच गई है। आरसीबी ने कप्तान रजत पाटीदार की विस्फोटक पारी से 20 ओवर में पांच विकेट पर 254 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। गुजरात के पास हालांकि, अभी भी फाइनल में जाने का एक मौका है। टीम अब हैदराबाद और राजस्थान के बीच बुधवार को होने वाले एलिमिनेटर की विजेता टीम से शुक्रवार को क्वालिफायर-2 में भिड़ेगी।
पांचवीं बार फाइनल में आरसीबी
आरसीबी ने इस तरह कुल पांचवीं बार आईपीएल के फाइनल में जगह बनाई है। टीम इससे पहले, 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल में पहुंची थी। टीम ने पिछले सीजन पंजाब किंग्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था और टीम खिताब का बचाव करने से एक कदम दूर है। दूसरी ओर, गुजरात के लिए इस मैच में कुछ अच्छा नहीं रहा। टीम के गेंदबाज जहां महंगे साबित हुए, वहीं बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे राहुल तेवतिया ने भले ही अर्धशतक लगाया, लेकिन टीम का अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। गुजरात की बल्लेबाजी इस मैच में इस कदर खराब रही कि टीम के आठ बल्लेबाज दहाई अंक तक भी नहीं पहुंच सके। सिर्फ साई सुदर्शन, जोस बटलर और तेवतिया ही डबल डिजिट में पहुंच सके।
गुजरात ने पावरप्ले में गंवाए पांच विकेट
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पावरप्ले में पांच विकेट गंवा दिए। साई सुदर्शन के रूप में गुजरात टाइटंस को पहला झटका लगा। दिलचस्प बात यह है कि सुदर्शन अजीब तरीके से आउट हुए। जैकब डफी की गेंद पर सुदर्शन ने शॉट खेला, लेकिन बल्ला उनके हाथ से छूट गया और सीधे स्टंप पर जा लगा। इस तरह वह हिट विकेट होकर पवेलियन लौटे। सुदर्शन ने नौ गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 14 रन बनाए। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने कप्तान गिल को बोल्ड किया। गिल सात गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।
पाटीदार ने जीवनदान का उठाया फायदा
मैच का रुख हालांकि 14वें ओवर में पूरी तरह बदल गया, जब रजत पाटीदार को प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदों पर दो बार जीवनदान मिला। उस समय पाटीदार 18 और 20 रन के आसपास खेल रहे थे। इसके बाद कुलवंत खेजरोलिया का एक ओवर काफी महंगा साबित हुआ, जिसमें खराब क्षेत्ररक्षण और दो नो-बॉल व एक वाइड सहित कुल 28 रन बने। पाटीदार ने फिर मौके का पूरा फायदा उठाते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की और राशिद खान तथा अन्य गेंदबाजों पर लगातार प्रहार किया। इस दौरान क्रुणाल पांड्या ने भी तेज पारी खेली। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 95 रनों की तेज साझेदारी को रबाडा ने तोड़ा, लेकिन तब तक पाटीदार टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे। उन्होंने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक आक्रामक खेल जारी रखा। आरसीबी ने आखिरी छह ओवरों में 114 रन जोड़कर आईपीएल प्लेऑफ इतिहास के सबसे बड़े स्कोरों में से एक खड़ा कर दिया। आरसीबी की ओर से क्रुणाल ने 28 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। वहीं, जितेश शर्मा पांच गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाकर 15 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात के लिए रबाडा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट झटके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली।





