दिल्ली । पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी हो गए हैं। यह सोमवार भी राहत भरा रहा। जबकि, श्रीलंका वालों के लिए तेल की कीमतें आफत से कम नहीं हैं। पिछले दिनों इंडियन ऑयल की सब्सिडरी लंका इंडियन ऑयल कंपनी (एलआईओसी) ने एक झटके में ही पेट्रोल 50 और डीजल 75 रुपये महंगा कर दिया था।

अब श्रीलंका की सरकारी तेल और गैस कंपनी सीलोन पेट्रोलियम ने भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। सीलोन पेट्रोलियम ने पेट्रोल की कीमत में 77 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 55 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। अब यहां पेट्रोल के दाम 254 रुपये प्रति लीटर और डीजल के 214 रुपये प्रति लीटर है।
कच्चा तेल 110 डॉलर प्रति बैरल पार होने और चार राज्यों में बीजेपी की जीत के बाद भी पेट्रोल-डीजल के रेट में राहत बरकरार है। सोमवार को देश की राजधानी दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 95.41 रुपये (Delhi Petrol Price) बनी हुई है, जबकि डीजल की कीमत 86.67 रुपये (Delhi Diesel Price) है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 109.98 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है, जबकि डीजल 94.14 रुपये पर है।






