पंडरिया। नगर का प्राचीन जोरा मंदिर में शिव व हनुमान का मंदिर अत्यंत जर्जर हो चुका था, जिसका जीर्णोद्धार कार्य फरवरी 2024 में प्रारंभ किया गया था। जो करीब 18 माह बाद बनकर तैयार हो गया है। जिसका पूजा-पाठ व स्थापना कार्यक्रम आज शनिवार 2 अगस्त से 4 अगस्त के बीच सम्पन्न होगा।
पूजा कार्यक्रम
पूजा के लिए पंडाल लगाकर तैयारी की जा रही है। शनिवार 2 अगस्त को वेदि निर्माण, वेदि पूजन, शिवजी एवं हनुमान जी का अभिषेक, परिधि पूजन, गुम्बज पूजन, वास्तु पूजन, देव स्थापना, आवाहन, रामायण अखण्ड पाठ होगा।
द्वितीय दिवस 3 अगस्त रविवार को वेदि पूजन, मण्डप पूजन, कलश यात्रा, अन्नाधिवास, फलाधिवास, हरिकीर्तन तथा तृतीय दिवस 4 अगस्त सोमवार को वेदि पूजन, देव स्थापना, नेत्र मिलन आदि, अभिषेक, पूजन, श्रृंगार, चोला आदि, शिखर कलश स्थापना, हवन, विशेष आरती, महाप्रसाद, ब्राह्मणभोज, विशाल भण्डारा, प्रसादी वितरण का कार्यक्रम सम्पन्न होगा।
जनसहयोग से पूरा हुआ पुननिर्माण
मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए मोहल्ले सहित नगर वासियों की बैठक की गई। जिसमें जर्जर मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य जनसहयोग से करने का निर्णय लिया गया था। जीर्णोद्धार के लिए राम मंदिर के तर्ज पर नगर व क्षेत्र सहित सभी लोगों से सहयोग लेकर किया गया।
जीर्णोद्धार में पंडरिया के पूर्व राजा स्व. कृष्ण राज सिंह के सुपुत्र स्व. सुनील राज के भाई अमरराज की सहमति से पंडरिया नगर के धर्म प्रेमी नागरिकों की समिति बनाकर जीर्णोद्धार का कार्य पूर्ण किया गया। समिति में प्रमुख रूप से धर्मजीत सिंह विधायक तखतपुर के विशेष प्रयास से नगर के धर्म प्रेमियों द्वारा समिति बनाकर मंदिर का जीर्णोद्धार पूर्ण कराया गया।

400 वर्ष पुराना है जोरा मंदिर
जोरा मंदिर 400 वर्ष पुराना है। जोरा मंदिर नगर के पुराने बस स्टैंड के पास जोरा तालाब की किनारे स्थित है। जोरा मंदिर में मुख्य मंदिर में राम दरबार की प्रतिमा स्थापित है। राम, जानकी व लक्षमण की प्रतिमा अति प्राचीन अष्टधातु से निर्मित है। परिसर में ही सिद्ध हनुमान व शिव पंचायत के सभी विग्रह शिव परिवार के साथ स्थापित हैं।
इसका जीर्णोद्धार 100 वर्ष पहले रानी मानकुमारी द्वारा पदत्त जमीन पर राजा पद्मराज सिंह के देख-रेख में नागा पुजारियों द्वारा जनसहयोग से कराया गया था। राम मंदिर आज भी मजबूत है तथा परिसर में राम मंदिर के सामने स्थित शिव मंदिर व हनुमान मंदिर जो जीर्ण-शीर्ण हो गया था, उसका जीर्णोद्धार किया गया।






