पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम केसरा में खारुन नदी की बाढ़ का कहर जारी है। नदी का पानी गांव की निचली बस्तियों में घुसने से कई घर जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ में फंसे महिला, पुरुष और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

रेस्क्यू के दौरान टीव की नाव बनाकर बच्चों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। ग्रामीण भी प्रशासन की टीम के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

मौके पर नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह मौजूद हैं और रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। गांव के स्कूल को आश्रय स्थल बनाया गया है, जहां प्रभावित परिवारों को ठहराने की व्यवस्था की जा रही है।

लगातार बढ़े खारुन नदी के जलस्तर से गांव में स्थिति गंभीर बनी हुई है। बाढ़ के पानी की चपेट में आने से कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त होकर टूट गए हैं। प्रशासन और ग्रामीण मिलकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं।






