खारुन नदी का बढ़ता जलस्तर: नीपानी हाईस्कूल में घुसा पानी, प्रशासन अलर्ट

पाटन। खारुन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से पाटन क्षेत्र में परेशानी बढ़ती जा रही है। नीपानी के हाईस्कूल परिसर में पानी घुस गया है, जिससे स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है। नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आसपास के क्षेत्रों में भी स्थिति गंभीर हो सकती है।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन की टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लगातार निगरानी कर रही है। अमलेश्वर में एसडीएम पाटन उत्तम कुमार ध्रुव और तहसीलदार मनोज गुप्ता मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।

वहीं नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह ने केसरा क्षेत्र में मोर्चा संभाल लिया है और प्रभावित इलाके की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन की टीम लोगों को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की तैयारी में जुटी है।