सड़क दुर्घटना: सेलूद धान संग्रहण केंद्र के पास नाली में घुसी कार, बड़ा हादसा टला

पाटन। दुर्ग-पाटन स्टेट हाईवे पर स्थित सेलूद धान संग्रहण केंद्र के पास बीती रात एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे बनी नाली में जा घुसी। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आई-टेन कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में उतर गई। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि कार का सामने का भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना बीती रात की बताई जा रही है।

फिलहाल कार में कितने लोग सवार थे और दुर्घटना के समय वाहन किस दिशा में जा रहा था, इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

गौरतलब है कि दुर्ग-पाटन स्टेट हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस घटना में किसी के हताहत नहीं होने से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।