भिलाई। खुर्सीपार थाना अंतर्गत एनएचएआई पर सड़क पार कर रहे दो लोगों को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। भीषण हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक पर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि जोन तीन खुर्सीपार निवासी मृतक गंगा सागर यादव (38 वर्ष) गार्ड की ड्यूटी करता था। भिलाई धर्म कांटा के पास सड़क पार कर रहा था। उस दौरान खुर्सीपार निवासी सीता बाई भी सड़क पार करने पहुंची। रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहे ट्रेलर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से महिला दूर जा गिरी, जबकि गंगा सागर ट्रेलर के नीचे आ गया। घटना की जानकारी होने पर आसपास मौजूद लोगों ने खुर्सीपार पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गंगा सागर को मृत घोषित कर दिया। वहीं सीता बाई की हालत गंभीर होने पर उसे दुर्ग जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रेलर चालक कोमल वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है।






