पाटन। नगर के महामाया चौक के सामने सामुदायिक शौचालय के पास गुरुवार को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि जिस बस में टकराने से घटना हुई वह एक स्कूल का बस है।

मिली जानकारी के अनुसार, महिला और पुरुष बाइक पर सवार थे। इसी दौरान एक स्कूल बस से उनकी दुर्घटना होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पुरुष को मृत घोषित कर दिया, वहीं महिला की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
फिलहाल मृतक पुरुष और घायल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।







