Road Accident : डौंडीलोहारा मार्ग पर अनियंत्रित बाइक ट्रक से टकराई, दो की मौके पर मौत

बालोद।बालोद जिले के डौंडीलोहारा मार्ग पर स्थित परसूली-अछोली मोड़ के पास रविवार को एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क किनारे जा गिरे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर लोहारा की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान परसूली-अछोली मोड़ के पास एक ट्रेलर की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर राजनांदगांव की ओर से आ रहे धान से लदे ट्रक से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवकों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उनकी मौके पर ही सांसें थम गईं।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मृतक ग्राम भुरकाभाट के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतकों की आधिकारिक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना भेज दी है, जिनके पहुंचने के बाद ही शिनाख्त की कार्रवाई पूरी की जाएगी।

हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।