क्लब नाइट पार्टी में रोडीज फेम ऋषभ और श्रेया ने युवतियों को पिलाई शराब, वीडियो वायरल

रायपुर।रायपुर के सेरीखेड़ी इलाके में एक नाइट क्लब की पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। देर रात तक चले इस आयोजन में युवाओं के बीच खुलेआम शराब परोसने और नियमों की अनदेखी के आरोप लगे हैं। वायरल वीडियो में रोडीज फेम श्रेया कालरा और ऋषभ जायसवाल युवाओं, खासकर लड़कियों को अपने हाथों से शराब पिलाते नजर आए। इसके साथ ही वायरल वीडियो में श्रेया कालरा करते हुए नजर आई कि दारू पियो, ऐश करो’। बताया जा रहा है कि यह वीडियो शहर के एक चर्चित क्लब का है, जहां रात देर तक म्यूजिक और भीड़ जारी रही।

स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार इस तरह की लेट नाइट पार्टियां हो रही हैं, जिससे सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नियमों के अनुसार, नाइट क्लब संचालन के लिए समय-सीमा तय होती है, जिसके बाद गतिविधियां बंद करनी होती हैं, लेकिन सामने आए वीडियो में इन नियमों का घोर उल्लंघन किया गया है।  पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और क्लब संचालन में नियमों के पालन की जांच की जा रही है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही या उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।