पाटन।
गाड़ाडीह से जामगांव आर मार्ग पर पौहा नाला के पास सड़क किनारे लगे लोहे के गार्डर को उखाड़कर फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों द्वारा सड़क से लगे खेत को समतल कर प्लाटिंग की तैयारी की जा रही है, जिसके चलते सड़क सुरक्षा के लिए लगाए गए गार्डर को हटा दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, लेकिन अब तक इस पर शासन-प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सड़क किनारे लगे गार्डर हट जाने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है, क्योंकि यह स्थान पौहा नाला के पास का क्षेत्र है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खेत को समतल कर प्लाटिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और सड़क सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और सड़क किनारे की सुरक्षा व्यवस्था को पुनः बहाल किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।







