खल्लारी (महासमुंद)।
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी में स्थित माता खल्लारी मंदिर के पास रविवार को बड़ा हादसा हो गया। रोपवे की ट्रॉली गिरने से 8 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि लगभग 200 मीटर दूर रोपवे की ट्रॉली अचानक नीचे गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तार टूटने की वजह से यह हादसा हुआ।
खल्लारी पहाड़ पर स्थित माता खल्लारी का मंदिर लगभग 1600 फीट ऊंचाई पर बना हुआ है, जहां नवरात्र के दौरान हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस समय भी सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही थी और नवरात्र मेले का आयोजन चल रहा है।
रोपवे में दो ट्रॉलियां संचालित होती हैं—एक से श्रद्धालु ऊपर मंदिर तक जाते हैं और दूसरी से वापस लौटते हैं। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। महासमुंद के कलेक्टर विनय कुमार ने हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि सभी घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर एसडीएम और तहसीलदार पहुंच चुके हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है। हादसे के बाद अब श्रद्धालु रोपवे के बजाय सीढ़ियों के जरिए मंदिर तक पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं।







