अण्डा। पवित्र श्रावण मास के शुभ अवसर पर श्री भागवत आश्रम, लिमतरा में 24 अगस्त 2026, सोमवार को 51 पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक का भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। आयोजन में लिमतरा सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान भोलेनाथ की आराधना कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान 51 पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान से पूजन एवं रुद्राभिषेक किया गया। मंत्रोच्चार, भजन एवं भगवान शिव की आराधना से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। आसपास के गांवों से पहुंचे भक्तजनों ने उत्साहपूर्वक रुद्राभिषेक में सहभागिता निभाई और भगवान शिव से क्षेत्र एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

श्री भागवत आश्रम, लिमतरा के मुख्य संचालक एवं प्रखर कथावाचक संत श्री निरंजन महाराज जी के मार्गदर्शन में यह धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। संत श्री निरंजन महाराज जी अपने भजनों, श्रीमद्भागवत कथा एवं आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष पहचान रखते हैं। उनके धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी आस्था के साथ शामिल होते हैं।

रुद्राभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की। पूरे आयोजन में भक्तिभाव और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।
इसमें उपस्थित परमेश्वर महाराज, संतोष शास्त्री, विजय शास्त्री, डाक्टर रोशन टिलखैरिया, निमेश टिलखैरिया, दुष्यंत टिलखैरिया, भिरेंद्र पटेल, ईतवारी चंदेल, मोहन पटेल, हरिशंकर साहू रिसाली, संजय ठाकुर सहित समस्त लिमतरा आश्रम परिवार सहित आस पास के भक्त जन उपस्थित थे।
आयोजन के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर आयोजकों ने श्री भागवत आश्रम से जुड़े सभी भक्तजनों, सहयोगियों एवं आसपास के ग्रामों से पहुंचे श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सहभागिता और आस्था से ही यह पावन आयोजन सफल हो सका।






