डंगोरा मैकल सनराइज प्वाइंट पर सुरक्षित और यादगार न्यू ईयर सेलिब्रेशन का आयोजन

डोंगरगढ़।
नववर्ष 2026 के अवसर पर डंगोरा माईकल सनराइज प्वाइंट, डोंगरगढ़ पर प्रकृति के बीच एक विशेष और सुरक्षित न्यू ईयर सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। इस आयोजन का सफल संचालन इकोवीरा इंडिया (Ecoveera Adventure) द्वारा किया गया, जिसमें रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, खैरागढ़, डोंगरगढ़ से आए 24 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत डंगोरा डैम पर सभी प्रतिभागियों के एकत्र होने से हुई, जहाँ आयोजकों द्वारा जंगल, पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा से संबंधित आवश्यक नियमों व दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने लगभग 4 किलोमीटर लंबा जंगल ट्रेक किया, जिसमें डैम के किनारे और घने जंगल के प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लिया।

ट्रेक के बाद सभी प्रतिभागी व्यू प्वाइंट के शीर्ष पर पहुँचे, जहाँ सूर्यास्त का मनमोहक दृश्य देखकर सभी अभिभूत हो गए। चाय एवं नाश्ते के बाद परिचय सत्र, अलाव (बोनफायर) और आपसी अनुभव साझा करने का दौर चला। ठंडी रात में अलाव के चारों ओर गिटार के साथ गीत-संगीत ने माहौल को यादगार बना दिया।

रात 12 बजे केक काटकर नववर्ष का स्वागत किया गया, इसके बाद संगीत के साथ सभी ने नए साल की खुशियाँ मनाईं। रात्रि विश्राम टेंट्स में किया गया, वहीं कुछ प्रतिभागियों ने मचान का भी विशेष अनुभव लिया।
सुबह सूर्योदय के साथ चाय और मैगी का आनंद लिया गया और अंत में समूह फोटो एवं फीडबैक सत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

🔹 महिलाओं की सुरक्षा रही प्राथमिकता
इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें कई युवतियों ने भी भाग लिया। प्रतिभागी महिलाओं ने अपने फीडबैक में बताया कि पूरे कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वयं को पूरी तरह सुरक्षित महसूस किया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, व्यवस्था और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया। उन्होंने कहा कि उन्हें यहाँ परिवार जैसा माहौल मिला, जिससे उनका अनुभव और भी सुखद हो गया।

आयोजकों के अनुसार, इकोवीरा इंडिया का उद्देश्य केवल एडवेंचर ही नहीं, बल्कि सुरक्षित, जिम्मेदार और प्रकृति के अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना है।

यह आयोजन न केवल रोमांच और प्रकृति प्रेम का उदाहरण बना, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सही व्यवस्था और जिम्मेदारी के साथ ऐसे कार्यक्रमों में महिलाओं की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।