पाटन। लगातार हो रही बारिश के कारण खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पाटन के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टोला घाट और जमराव एनीकेट में बड़ी संख्या में लोग प्राकृतिक नजारे देखने पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रविवार को जमराव एनीकेट में एक युवक तेज बहाव में बह गया, जिसकी देर शाम तक तलाश जारी रही।

रविवार होने के कारण टोला घाट में सुबह से ही पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तेज बहाव के बावजूद कई युवक-युवतियां एनीकेट और नदी के किनारे खतरनाक स्थानों तक पहुंचकर स्नान करते और सेल्फी लेते नजर आए। कई लोग पानी के तेज बहाव के ऊपर चढ़कर वीडियो और फोटो बनाते रहे, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ गई।

सबसे चिंताजनक बात यह रही कि इतने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थल पर सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आई। नदी किनारे न तो प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती है और न ही किसी प्रकार की स्थायी बचाव टीम मौजूद है। चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और सुरक्षा कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं होने से लोगों की लापरवाही लगातार बढ़ती जा रही है।

इसी बीच रविवार को जमराव एनीकेट में नहाने के दौरान एक युवक नदी की तेज धारा में बह गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
उधर, टोला घाट में पर्यटकों की अत्यधिक भीड़ के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात सुचारु कराने के लिए पाटन पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी के तेज बहाव से दूर रहने की समझाइश भी दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यहां हजारों पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई विशेष सुधार नहीं किया जाता। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि टोला घाट और जमराव एनीकेट में स्थायी गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।






