अंडा। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के युवा तुर्क नेता जनपद पंचायत दुर्ग के पूर्व सभापति विक्की मिश्रा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को बदहाल करने का आरोप लगाया है..
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 57 हजार शिक्षक भर्ती का वादा किया था, शिक्षा मंत्री रहते बृजमोहन अग्रवाल ने पहली कैबिनेट में 33 हजार भर्ती का ऐलान किया था, सरकार के तीन साल पूरे होने को है बावजूद अब तक भर्ती नहीं ली गई है जो प्रदेश के युवा बेरोजगारों के साथ धोखा है ।

शिक्षकों की कमी से प्रदेश के हजारों स्कूल एकल शिक्षकीय और सैकड़ों स्कूल तो शिक्षक विहीन हो गए हैं, ऐसा प्रतीत होता है शासकीय स्कूलों को बंद करने एक साजिश के तहत सरकार अपना वादा पूरा नहीं कर रही है बस सत्ता के आते ही युवा बेरोजगारों को मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाकर उनकी भावनाओं के साथ सरकार ने खिलवाड़ किया है । श्री मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में साय सरकार के युक्तियुक्तकरण योजना से भी ग्रामीण स्कूलों का सेटअप बिगड़ा है।

कांग्रेस शासन में स्वामी आत्मानंद स्कूलों ने मेरिट में जगह बनाई थी, भाजपा सरकार शिक्षा सुविधाओं में कटौती कर गरीब बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है जिससे पालकों में भी भारी रोष है । विक्की मिश्रा ने कहा कि बीएड डीएड कर सालों से शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे शिक्षकों को टीईटी के नाम से परेशान कर उनकी योग्यता पर प्रश्नचिन्ह लगाया जा रहा है ।सरकार की इस तरह के तुगलकी आदेशों के चलते ही बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहे शिक्षक तनाव में अपनी ड्यूटी कर रहे है जिससे प्रदेश के शासकीय स्कूलों में शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा ।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों को परेशान करने के पीछे सरकार की मंशा से ये प्रतीत होता है कि सरकार शायद शासकीय स्कूलों को धीरे धीरे बंद कर निजी शिक्षण संस्थाओं को बढ़ावा देना चाहती है जो आर्थिक बोझ बढ़ाकर ग्रामीण व किसान मजदूर व मध्यमवर्गीय परिवार के बच्चों को शिक्षा से दूर कर उन्हें मजदूर बनाए रखने की साजिश कर रही है।







