आगेसरा, 12 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक एवं लोकपर्व हरेली तिहार के अवसर पर समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास एवं एंबुलेंस सेवा तथा ग्राम पंचायत आगेसरा के तत्वावधान में हरेली तिहार का आयोजन हर्षोल्लास एवं धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा तथा आपसी भाईचारे का उत्साहपूर्वक परिचय दिया।

कार्यक्रम में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों के लिए विभिन्न पारंपरिक खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें दौड़, रस्साकशी, गेड़ी दौड़, मटका फोड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, नारियल फेंक सहित अन्य पारंपरिक खेल प्रमुख रहे। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण खेल भावना और उमंग से सराबोर रहा।

कार्यक्रम में श्री रमाकांत साहू सरपंच एवं संस्थापक समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास एवं एंबुलेंस सेवा ग्राम पंचायत आगेसरा,
द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और बच्चों को पारंपरिक खेलों से जोड़ने तथा हमारी समृद्ध छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं लोक परंपराओं को संरक्षित रखने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हरेली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति, किसान और लोकजीवन से जुड़ी हमारी पहचान है। हमें अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरण संरक्षण, खेती-किसानी और सामाजिक एकता के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत आगेसरा के जनप्रतिनिधियों, समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास से जुड़े सदस्यों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों की सहभागिता रही।






