कर्मा जयंती महोत्सव में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश
शराब त्यागने वाले सनत राम साहू का हुआ सम्मान, ईकाई साहू समाज करसा की सराहनीय पहल
पाटन। कर्मा जयंती महोत्सव के अवसर पर ईकाई साहू समाज करसा द्वारा समाज में जागरूकता फैलाने हेतु एक प्रेरणादायक पहल की गई। कार्यक्रम में नशा मुक्ति का संदेश प्रमुख रूप से दिया गया, जिससे उपस्थित लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराया गया।
इस दौरान समाज के सनत राम साहू को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने शराब का त्याग कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस निर्णय की सभी ने सराहना करते हुए इसे अन्य लोगों के लिए अनुकरणीय बताया। साथ ही पूर्व के पदाधिकारी एवं वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिव्या कलिहारी महिला संयोजिका प्रदेश साहू संघ ने कहा आज के बदलते दौर में, जहाँ आधुनिकता तेजी से बढ़ रही है, वहीं हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं को भी संजोकर रखना है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हमारी असली ताकत हमारे संस्कार ही हैं, जो हमें सही और गलत के बीच अंतर करना सिखाते हैं। हम सब मिलकर ऐसे समाज का निर्माण करें, जहाँ संस्कार, सम्मान और सहयोग की भावना सर्वोपरि हो।
परिक्षेत्रीय अध्यक्ष किशन हिरवानी ने कहा हम स्वयं ही अपने बच्चों को संस्कारों से वंचित कर रहे हैं। पहले जहां नामकरण संस्कार, छट्टी जैसे पारंपरिक आयोजन पूरे विधि-विधान से होते थे, वहीं अब ये परंपराएं धीरे-धीरे समाप्त होती जा रही हैं। विवाह जैसे पवित्र संस्कार में भी “गोधूलि बेला” का उल्लेख तो किया जाता है, लेकिन वास्तविकता में विवाह देर रात तक संपन्न होता है, जो हमारी परंपराओं के विपरीत है। इन परिस्थितियों के लिए हम सभी जिम्मेदार हैं, और हमें मिलकर इन कुरीतियों को दूर करना होगा। समाज के हर व्यक्ति को आगे आकर अपनी परंपराओं और संस्कारों को पुनः जीवित करने का प्रयास करना चाहिए, तभी आने वाली पीढ़ी को सही दिशा मिल पाएगी।
विशेष अतिथि जिला पंचायत सदस्य नीलम राजेश चंद्राकर ने कहा नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए नशा मुक्ति की दिशा में कदम बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, संगठन सचिव अर्जुन साहू , दुर्वासा साहू, खेमीन साहू, तनुजा साहू, रवि साहू, ललित भास्कर साहू, रघुनाथ साहू,रुक्मणि साहू, धात्री साहू, दिनेश साहू, अशोक साहू,दीपक साहू,चंदन साहू, किरण साहू,प्रीति साहू,योगिता साहू,केवल साहू,नंदू साहू,बलदाऊ साहू सहित अन्य उपस्थित थे ।






