सांकरा हाई स्कूल में 10 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड निर्माण को मिली स्वीकृति, सरपंच रवि सिंगौर ने शिक्षा मंत्री का जताया आभार

पाटन। शिक्षा के क्षेत्र में ग्राम सांकरा को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा में स्कूल शिक्षा मद से 10 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड निर्माण कार्य की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस प्रस्ताव को ग्राम पंचायत सांकरा द्वारा पारित कर संबंधित विभाग को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है।

प्रार्थना शेड निर्माण होने से विद्यालय के विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभिन्न शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही वर्षा, गर्मी एवं अन्य मौसम की परिस्थितियों में भी कार्यक्रमों का सुचारू संचालन किया जा सकेगा।

ग्राम पंचायत के सरपंच रवि सिंगौर ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से प्रार्थना शेड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए ग्रामवासियों, विद्यालय परिवार तथा विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

क्षेत्र के नागरिकों और पालकों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि प्रार्थना शेड बनने से विद्यालय का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।