संस्कृति महिला ग्रुप द्वारा अपने घर की बुजुर्ग माताओं का सम्मान कर मनाया गया महिला दिवस


पंडरिया।नगर में संस्कृति महिला ग्रुप द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपने घर की बुजुर्ग माताओं का सम्मान करते हुए होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ की गई।
इस अवसर पर ग्रुप की छोटी बच्चियों द्वारा बुजुर्ग माताओं का तिलक लगाकर सम्मान किया गया।ततपश्चात ग्रुप की महिलाओं ने बुजुर्ग माताओं को श्रीफल व सुंदरकांड भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में इस बार विशेष रूप से सभी महिला सदस्यों ने अपने सास और माताओं को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया था। जिससे कार्यक्रम में पारिवारिक स्नेह और सम्मान का वातावरण बना रहा।कार्यक्रम में सम्माननीय उत्तरा ठाकुर, लक्ष्मी साहू, पदमा श्रीवास्तव, चमेली ठाकुर व निरुपमा बरगाह का सम्मान किया गया सभी अतिथियों ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की और महिलाओं को अपना आशीर्वाद दिया।
इस दौरान ग्रुप की महिलाओं और छोटी बच्चियों ने महिला दिवस, नारी शक्ति तथा अपनी-अपनी मां के सम्मान में गीत, कविता और भाषण के माध्यम से अपने भाव और विचार व्यक्त किए। कई शिक्षिकाओं द्वारा भी भावपूर्ण कविता पाठ प्रस्तुत किया गया। साथ ही बच्चों से उनकी मां और दादी के बारे में प्रश्न पूछकर उनके विचार भी साझा करवाए गए।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली मिलन किया और महिला दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।