संस्कृति महिला ग्रुप ने कराया 123 कन्याओं का भव्य कन्या भोज, जोरा मंदिर में उमड़ी आस्था


108 का था संकल्प, माता रानी की कृपा से 123 कन्याएं हुईं शामिल, भोग-भंडारा और प्रसाद की रही विशेष व्यवस्था
पंडरिया। नवरात्रि की नवमी तिथि पर नगर के जोरा मंदिर में संस्कृति महिला ग्रुप द्वारा भव्य कन्या भोज का आयोजन किया गया।


ग्रुप ने 108 कन्याओं के पूजन का संकल्प लिया था, लेकिन इस कार्यक्रम में 123 कन्याओं ने सहभागिता दी। सभी कन्याओं का विधि-विधान से पूजन, तिलक, चुनरी ओढ़ाकर पूजा किया गया। कन्याओं को पंक्तिबद्ध बिठाकर भोजन कराया गया और उन्हें उपहार भेंट किए गए। इस तरह से कन्या पूजन कर नगर की सुख समृद्धि की कामना की गई ।
कन्याओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए भोग, भंडारा और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।
संस्कृति महिला ग्रुप की अध्यक्ष अर्चना सिंह ने बताया कि ग्रुप का उद्देश्य केवल गरबा तक सीमित नहीं है। हम साल भर सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्य करते हैं। कन्या भोज उसी परंपरा का हिस्सा है।