पंडरिया।नगर की एक बेटी सिमरप्रीत कौर सलूजा ने छत्तीसगढ़ सिविल जज परीक्षा के प्रथम प्रयास में ही चयनित होकर अभूतपुर्व उपलब्धि हासिल की है । नगर के चरणजीत सिंह सलूजा एवं जसमीत कौर की होनहार पुत्री सिमरप्रीत कौर ने अपने परिजनों का मान बढ़ाया है।
संस्कृति महिला ग्रुप की ओर से अध्यक्ष अर्चना सिंह , शैल बिसेन उर्वशी चंद्रवंशी एवं सोनिया बरगाह ने सिमरप्रीत से भेंट कर उनके शानदार सफलता के लिए बधाई एवं उत्तरोत्तर उत्कृष्ट प्रगति के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की । मुलाकात में बातचीत के दौरान सिमरप्रीत ने बताया कि बचपन से ही उनकी रुचि इस क्षेत्र में जाने की रही थी। जिसके लिए उन्होंने इस दिशा में दृढ़ विश्वास के साथ सुनियोजित एवं निरंतर परिश्रम करती रही और अनेक विषम परिस्थितियों के बावजूद भी बिना निराश हुए प्री , मेन्स और इंटरव्यू के चरणों को पार किया । उन्होंने बताया कि उन्हें हर कदम पर अपने परिजनों का साथ, प्रोत्साहन एवं प्रेरणा मिलती रही है। इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए उनके माता-पिता ने भी उस पर अटूट विश्वास रखते हुए हर संभव सहयोग किया है ।
संस्कृति महिला ग्रुप की ओर से स्मृति स्वरूप सिमरप्रीत कौर को गुरु नानक देव का तेल चित्र भेंट किया गया और इच्छा जाहिर की गयी कि सिमरप्रीत बेटा भी अपने जीवन में गुरुनानक देव के आदर्शों पर चलकर जीवन के उच्चतम आयाम को प्राप्त करें।नवनिर्वाचित सिविल जज सिमरप्रीत को बधाई देने अनुराग ठाकुर, प्रफुल्ल बिसेन, शंकर चंद्रवंशी ,अशोक शर्मा एवं अतुल बरगाह भी उपस्थित रहे।







