पाटन।
ग्राम पंचायत अचानकपुर में स्कूली बच्चों के बीच धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरपंच देवानंद साहू द्वारा हनुमान चालीसा का वितरण किया गया। इस दौरान कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं को लेकर कड़ी मेहनत करने और नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया गया।
सरपंच देवानंद साहू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी अपने घर और स्कूल में अनुशासन के साथ पढ़ाई करें। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और एकाग्रता से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि वे प्रतिदिन घर पर कम से कम एक बार हनुमान चालीसा का पाठ करें, जिससे मन एकाग्र रहेगा और पढ़ाई में बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं ग्रामीणों की भी उपस्थिति रही। विद्यार्थियों ने सरपंच के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना और मन लगाकर पढ़ाई करने का संकल्प लिया।







