मुख्यमंत्री से मिली ग्राम झोला की सरपंच बसंती निषाद…गणतंत्र दिवस परेड दिल्ली के अनुभव किये साझा,ग्राम के विकासकार्यों की दी जानकारी



अंडा। 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने के बाद दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के  ग्राम पंचायत झोला की सरपंच बसंती निषाद छत्तीसगढ़ लौटने पर मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए और ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की जानकारी दी।
सरपंच बसंती निषाद का चयन भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में किया गया था। उनके चयन को दुर्ग जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में गर्व का विषय माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सरपंच ने ग्राम पंचायत झोला में शिक्षा, स्वच्छता, कुपोषण मुक्त अभियान, बाल विवाह रोकथाम, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए ग्राम पंचायत के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
यह उपलब्धि निषाद (केवट) समाज सहित पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे उनके प्रयासों से अन्य पंचायतों को भी नई दिशा मिलेगी। ग्राम पंचायत झोला की सरपंच बसंती निषाद को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर ग्रामीणों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।