अण्डा। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोड़िया में सरपंच खुमान निषाद, पंचायत के पंच-उपसरपंच एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से पहली बार सरपंच प्रीमियम लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन खेल मैदान में वार्डवार टीमों के बीच कराया गया। प्रतियोगिता को लेकर गांव में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीण मैच का आनंद लेने पहुंचे।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड क्रमांक 6 की धुरंधर इलेवन टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वार्ड 05 की सुपर किंग्स टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। रॉयल चैलेंजर एवं एचएम एकता टीम ने तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

कई वर्षों बाद गांव में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित होने से पूरे ग्राम में खुशी का माहौल रहा। युवाओं और खिलाड़ियों में विशेष उत्साह नजर आया। फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में मैन ऑफ द मैच का खिताब सुधीर निषाद को मिला। बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार टीकम निषाद, बेस्ट बॉलर का पुरस्कार हेमंत निषाद, बेस्ट फील्डर का पुरस्कार भुनेश्वर निषाद तथा बेस्ट कैचर का पुरस्कार साहिल यादव ने अपने नाम किया।
इस अवसर पर सरपंच खुमान निषाद ने कहा कि क्रिकेट प्रतियोगिता केवल खेल नहीं, बल्कि गांव के युवाओं को एकजुट करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि गांव के युवाओं की प्रतिभा को मंच देना और उन्हें आपस में जोड़कर रखना उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि युवा ही गांव के विकास की पहली सीढ़ी हैं, और यदि खेल के माध्यम से युवाओं को जोड़ा जा सके तो यह गांव के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।








