पाटन। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी वानिकी एवं उद्यानिकी विश्वविद्यालय, सांकरा परिसर में ग्राम पंचायत के सरपंच रवि सिंगौर ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। सरपंच रवि सिंगौर ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाले समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। वृक्षों से न केवल शुद्ध वायु प्राप्त होती है, बल्कि पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है। उन्होंने सभी नागरिकों से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक-एक पौधा लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सरपंच सिंगौर ने कहा कि “हरियाली से ही खुशहाली आती है।” इसलिए आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।






