पाटन। पंचायतों के बकाया बिजली बिल सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर पाटन ब्लॉक के सरपंच एकजुट होते नजर आए। शनिवार को विश्राम गृह पाटन में सरपंच संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में सरपंच शामिल हुए। बैठक में पंचायतों के बिजली बिल, पंचायतों के कामकाज में आ रही दिक्कतों सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पंचायतों के संबंध में तथ्यहीन समाचार प्रकाशित कर सरपंचों को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए ऐसे तथाकथित पत्रकारों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। सरपंचों ने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए पंचायतों और जनप्रतिनिधियों के संबंध में खबरें प्रकाशित होने से उनकी छवि प्रभावित होती है। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता जताई गई।

बैठक में पंचायतों के बकाया बिजली बिल के मुद्दे को लेकर आगामी दिनों में धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलन की रणनीति तैयार करने पर भी मंथन किया गया। सरपंचों ने समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाने पर जोर दिया।

बैठक में रूपेंद्र शुक्ला, विनय चंद्राकर, रवि सिंगौर, राजू साहू, अमित अग्रवाल, भेष आते, रमाकांत साहू, अतीक सपहा, अर्चना यादव, यूनिका वर्मा, मोहित विश्वकर्मा सहित अन्य सरपंच मौजूद रहे।






