मुख्यमंत्री के आगमन पर स्कूली बच्चों की छुट्टी, निजी स्कूलों की बसें अधिग्रहित, अचानक अवकाश घोषित होने से पालकों में नाराजगी, परीक्षा भी टली

पाटन। जामगांव एम में 20 जुलाई को आयोजित प्रदेश स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं। इसी बीच निजी स्कूलों की बसों के अधिग्रहण के कारण कई स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। अचानक छुट्टी की सूचना मिलने से पालकों में नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार पाटन-सिकोला मार्ग स्थित ए.के. गोयल स्कूल प्रबंधन ने पालकों को व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से सूचित किया कि 20 जुलाई को स्कूल में अवकाश रहेगा। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि जामगांव एम में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के लिए स्कूल की बसों का अधिग्रहण किए जाने के कारण विद्यार्थियों का परिवहन संभव नहीं है, इसलिए अवकाश घोषित किया गया है।

इधर, पालकों का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि यदि बसों के अधिग्रहण की वजह से स्कूल बंद रखा जा रहा है, तो उस दिन की बस फीस और ट्यूशन फीस भी नहीं ली जानी चाहिए। पालकों ने यह भी कहा कि सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन वीआईपी कार्यक्रमों के चलते अचानक स्कूल बंद होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होती है।

20 जुलाई की परीक्षा भी स्थगित

स्कूल प्रबंधन ने पालकों को यह भी जानकारी दी है कि 20 जुलाई को निर्धारित विद्यार्थियों की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। परीक्षा की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी। परीक्षा टलने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले को लेकर पालकों ने भविष्य में ऐसी परिस्थितियों में वैकल्पिक व्यवस्था करने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को प्राथमिकता देने की मांग की है।