राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ आयोजन

पंडरिया ।ब्लाक अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पौनी में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा अर्चना के द्वारा किया। छात्र-छात्राओं के द्वारा विभिन्न मॉडल वर्षा जल संग्रहण, उत्सर्जन तंत्र, मानव हृदय, जल चक्र आदि मॉडल का प्रदर्शन किया गया। प्रधान पाठक राम भाऊ जायसवाल ने बताया कि 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस संपूर्ण भारत देश में मनाया जाता है, वैज्ञानिक डॉक्टर सी.वी. रमन की याद में यह दिवस मनाया जाता है, रमन प्रभाव की खोज 28 फरवरी 1928 को सी.वी. रमन ने की थी। विज्ञान विषय शिक्षक श्री नवीन जायसवाल ने बताया कि देश के विकास के लिए वैज्ञानिक सोच का प्रसार आवश्यक है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस जैसे आयोजन वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रसार में निश्चित रूप से सहायक सिद्ध हो सकते हैं। विज्ञान के द्वारा ही हम समाज के लोगों का जीवन स्तर अधिक से अधिक खुशहाल बना सकते हैं। शिक्षक श्री देवकीनंदन शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस विज्ञान से होने वाले लाभों के प्रति समाज में जागरूकता लाने और वैज्ञानिक सोच पैदा करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को पुरस्कृत किया गया।