बेमेतरा। जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ‘भुइयां’ पोर्टल पर डिजिटल हस्ताक्षर कार्य एवं केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘स्वामित्व योजना’ के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बेमेतरा ने चार पटवारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

जांच में पाया गया कि संबंधित पटवारी हल्कों में डिजिटल हस्ताक्षर का कार्य 60 प्रतिशत से भी कम रहा। इसके अलावा स्वामित्व योजना के तहत भी कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। इसे शासकीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रशासन ने संबंधित पटवारियों की एक-एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए हैं।
कार्रवाई की जद में आए पटवारियों में हल्का नंबर-03 के शैलेन्द्र जायसवाल, हल्का नंबर-30 के सुरेश भारती, हल्का नंबर-05 के धनंजय साहू तथा हल्का नंबर-12 के कुंदन सिंह राजपूत शामिल हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व विभाग में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शासन की योजनाओं और ऑनलाइन राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने में विफल कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।






