पाटन।
एसडीएम पाटन एल. ध्रुव ने मंगलवार को पाटन विकासखंड अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान संचालकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में एसडीएम ने राशन वितरण व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए संचालकों को समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी हितग्राही से राशन नहीं मिलने अथवा अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित राशन दुकान संचालक के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संचालकों को प्रत्येक माह की 05 तारीख तक डी.डी. जमा करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही हितग्राहियों का ई-केवाईसी (e-KYC) शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रत्येक माह का खाद्यान्न निर्धारित तिथि के भीतर सभी पात्र हितग्राहियों को अनिवार्य रूप से वितरित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पाटन ब्लॉक में लगातार राशन दुकानों में हितग्राहियों को समय पर चांवल नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिसे गंभीरता से लेते हुए यह बैठक आयोजित की गई।







