पंडरिया। सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (Centre for Cultural Resources and Training–CCRT), हैदराबाद द्वारा आयोजित ‘हमारी सांस्कृतिक विविधता’ कार्यक्रम के लिए कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा से शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर का चयन किया गया है। यह कार्यक्रम 7 से 16 सितम्बर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को परिचित कराना तथा विभिन्न राज्यों की लोककला, लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और जीवन-मूल्यों को एक-दूसरे से जोड़ना है।
शिक्षा के साथ कला, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों को जोड़कर बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति समझ और सम्मान विकसित करने की दिशा में कार्य करने वाले शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर का यह चयन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को ‘विविधता में एकता’ की भारतीय भावना को समझने तथा देश की अलग-अलग सांस्कृतिक परंपराओं को जानने और साझा करने का अवसर मिलेगा।






