धमतरी में सेन समाज ने सौंपा ज्ञापन, बिलासपुर की छात्रा से दुष्कर्म मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग

नगरी/ सिहावा,बेलरगांव।बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल में एक ना बालिग छात्रा के साथ कथित यौन शोषण के मामले को लेकर सर्व सेन समाज ने कड़ा विरोध जताते हुए कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कलेक्टर के अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि स्कूल के एक शिक्षक पर कई महीनों तक नाबालिग छात्रा का डराकर शोषण करने का आरोप है। समाज का आरोप है कि पीड़िता द्वारा स्कूल प्रबंधन को जानकारी दिए जाने के बावजूद समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपी के हौसले बढ़ते रहे।


सेन समाज ने मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए। समाज ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित करने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। इस दौरान सर्व सेन समाज के जिला अध्यक्ष धनसिंह सेन, संरक्षक मोहित सेन, सचिव भगवानी राम शांडिल्य, कोषाध्यक्ष रवि कौशल, प्रांतीय प्रतिनिधि रामगोपाल सेन, कार्यकारिणी सदस्य देबू राम शांडिल्य, पवन कौशिक, देवेंद्र सेन,महिला प्रकोष्ठ से जिला संरक्षक कल्याणी कौशिक, पुष्पा कौशिक ,राधा सेन, कमला कौशिक, मंजू सेन, आदि पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।