बालोद।छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ लाइब्रेरी से घर लौट रही एक छात्रा पर सरेराह एसिड फेंककर हमला किया गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के महज 8 घंटे के भीतर ही मुख्य साजिशकर्ता समेत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस खौफनाक वारदात का मास्टरमाइंड पीड़ित युवती का कथित प्रेमी ही था, जिसने एकतरफा प्यार और शादी से इंकार करने के गुस्से में अपने दोस्त के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिया।

सरेराह छात्रा पर फेंका एसिड, गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती रोजाना की तरह लाइब्रेरी से पढ़ाई पूरी कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में सिंचाई कालोनी के पास एक अज्ञात युवक ने उस पर अचानक एसिड फेंक दिया। एसिड गिरते ही छात्रा दर्द से चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर आस-पास के पड़ोसी तुरंत मदद के लिए दौड़े। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पीड़िता के पिता ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत जिला अस्पताल बालोद में भर्ती कराया, जहाँ गंभीर रूप से झुलसी छात्रा का इलाज जारी है।

पुलिस की मुस्तैदी: 8 घंटे में बिछाया जाल
घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए बालोद पुलिस अधीक्षक (SP) श्री किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) चंद्रकांत गवर्ण के मार्गदर्शन में तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया। उप पुलिस अधीक्षक (DSP) विनय साहू के नेतृत्व में पुलिस ने शहर के अलग-अलग चौराहों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह के घेरे में आए युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर (20 वर्ष, निवासी कुंदरूपारा, बालोद) को हिरासत में लिया।
तीन महीने पहले बनी थी साजिश, ‘गणेश झांकी’ में फेल हुआ था प्लान
शुरुआती पूछताछ में आरोपी यश सोनकर पुलिस को मनगढ़ंत कहानियां बनाकर गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह युवती से एकतरफा प्रेम करता था। जब युवती ने किसी अन्य जगह अफेयर होने की बात कहकर उससे शादी करने से मना कर दिया, तो वह गुस्से में आ गया।
यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम ( निवासी बीजापुर) के साथ मिलकर एसिड अटैक की योजना बनाई थी। उसने 26 सितंबर को करण को बालोद बुलाया और 27 सितंबर को एसिड भी खरीद लिया था। आरोपी ‘गणेश झांकी’ के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर हमला करना चाहते थे, लेकिन पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे उस समय अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
कोंडागांव से पकड़ा गया मुख्य हमलावर
योजना विफल होने के बाद, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही युवती लाइब्रेरी से निकली, यश के इशारे पर करण कुंजाम ने उस पर तेजाब फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करण तुरंत तांदुला बांध की ओर भागा और वहां से गाड़ियों से लिफ्ट लेकर झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंच गया। पुलिस ने यश की निशानदेही पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य हमलावर करण कुंजाम को कोंडागांव से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल एसिड और वारदात के वक्त पहने हुए कपड़े भी जब्त कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल:
- यश कुमार सोनकर (उम्र 20 वर्ष) – पिता: ईश्वर लाल सोनकर, निवासी: वार्ड नं. 11, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद (साजिशकर्ता)।
- करण कुंजाम (उम्र 20 वर्ष) – पिता: दिनेश कुंजाम, निवासी: वार्ड नं. 15, भैरमगढ़, जिला बीजापुर (हमलावर)।
पुलिस टीम की सराहना और आम जनता से अपील
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद (निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा), थाना प्रभारी गुरूर (निरीक्षक मुकेश सिंह), साइबर प्रभारी धरम भुआर्य समेत कोतवाली बालोद और साइबर सेल की टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई।
इस घटना के बाद बालोद पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और युवतियों से अपील की है कि वे सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि, पीछा करने या धमकी मिलने जैसी घटनाओं को नजरअंदाज न करें। पुलिस ने कहा कि ऐसी किसी भी परिस्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है।




