सोमनापुर (नया) में ‘सेवा संकल्प अभियान’: आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ का हुआ सफल आयोजन

पंडरिया ।ब्लाक के ग्राम सोमनापुर (नया) में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बच्चों, माताओं, अभिभावकों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी:
‘आंगन मिलन सेवा’ का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में स्थानीय खाद्यान्न, ताजी हरी सब्जियों और फलों से तैयार की गई ‘मेरी पौष्टिक थाली’ विशेष आकर्षण का केंद्र रही।


न्योता भोज और कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान:
कार्यक्रम में जनभागीदारी से ‘न्योता भोज’ का आयोजन कर बच्चों को पौष्टिक भोजन, फल एवं मिठाइयां वितरित की गईं।
इसी कड़ी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीतू पटेल व अनीता सेन और सहायिका सीमा पटेल को मुख्य अतिथि उपसरपंच मोहन पटेल, ‘राज्य शिक्षक’ सम्मान प्राप्त व्याख्याता संतोष कुमार साहू तथा प्रधानपाठक पवन कुमार चांदसे के करकमलों द्वारा सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर उपसरपंच मोहन पटेल, व्याख्याता ज्योति ध्रुव, मनीषा मार्को, प्रधानपाठक पवन कुमार चांदसे, भगत राम, कार्तिक राम, प्रताप सिंह, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में माताएं उपस्थित थीं।