सेवा संकल्प अभियान: पौनी स्कूल में गूंजा 20 तक का पहाड़ा, चित्रकला और भाषण में बच्चों ने मारी बाजी

पंडरिया।ब्लाक के ग्राम पौनी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला, भाषण एवं 20 तक पहाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत पौनी की सरपंच रोशनी रवि साहू एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष समेलिया साहू द्वारा किया गया।

प्रतियोगिताओं में शाला के सभी बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति एवं गणितीय दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का वातावरण बना दिया।
सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए सरपंच प्रतिनिधि रवि साहू द्वारा प्रत्येक बच्चे को पेन सप्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल ने बच्चों में आगे बढ़ने, सीखने और प्रतियोगिताओं में निरंतर भाग लेने की प्रेरणा जगाई।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानपाठक वासुदेव सिंह राठौर ने सरपंच, शाला प्रबंधन समिति, जनप्रतिनिधियों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देना ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यालय में बच्चों को सीखने के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने के निरंतर अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।