भिलाई। भारतीय जनता पार्टी के आह्वान पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विवेकानंद विचार मंच द्वारा गुरुवार को सेक्टर-2, भिलाई स्थित आस्था वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों के लिए भोजन सेवा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं विवेकानंद विचार मंच के सलाहकार विजय साहू ने वृद्धाश्रम के वरिष्ठजनों के बीच पहुंचकर उनके साथ आत्मीय समय बिताया और भोजन सेवा में सहभागी हुए।


इस दौरान श्री साहू ने वृद्धजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने व्यवहार और सेवा के माध्यम से भी इसे व्यक्त करना चाहिए।

श्री साहू ने विशेष रूप से युवाओं एवं शहरवासियों से अपील करते हुए कहा, “हम सभी अपने जन्मदिन और जीवन के अन्य विशेष अवसरों को यादगार बनाने के लिए अलग-अलग आयोजन करते हैं। यदि ऐसे अवसरों पर हम कुछ समय वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठजनों के बीच बिताएं, उनके साथ बैठें, उनकी बातें सुनें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार उनकी सेवा करें, तो इससे बड़ी खुशी शायद ही कोई और हो सकती है। हमारा थोड़ा सा समय और अपनापन किसी बुजुर्ग के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकता है।” उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को भोजन या अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ सबसे अधिक आवश्यकता अपनेपन, संवाद और साथ की होती है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर उनके बीच पहुंचकर उनका हाल जानना चाहिए। ऐसी छोटी-छोटी पहल समाज में संवेदनशीलता और सेवा की भावना को और मजबूत करती हैं।


विवेकानंद विचार मंच के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत इस भोजन सेवा का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, सेवा एवं आत्मीयता की भावना को समाज में और व्यापक बनाना है। वरिष्ठजनों के साथ बिताए गए समय और उनके स्नेह ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक किया। श्री साहू ने विवेकानंद विचार मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस सेवा पहल के लिए साधुवाद देते हुए भविष्य में भी इसी भावना के साथ सामाजिक एवं सेवा कार्य जारी रखने का आग्रह किया।







