पंडरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘नमो सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, दुल्लापुर बाजार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने बेहद उत्साह और उमंग के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

आकर्षक दीपों से जगमगाया परिसर
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए ‘आशीर्वाद का दीप’ की एक बेहद आकर्षक और सुंदर आकृति तैयार की। शाम ठीक 7 बजे इन सभी दीपों को सामूहिक रूप से प्रज्वलित किया गया। दीपों की इस आलौकिक रोशनी से पूरा विद्यालय परिसर जगमगा उठा। इस दौरान छात्राओं ने समाज को एकता, सद्भावना और शुभकामनाओं का संदेश दिया।

वीडियो संदेश के जरिए दीं शुभकामनाएं
इस खास मौके पर बालिकाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई दी। कार्यक्रम को और अधिक विशेष बनाने के लिए छात्राओं ने एक वीडियो संदेश भी तैयार किया। इस वीडियो के माध्यम से बालिकाओं ने अपने शब्दों में बधाई संदेश प्रेषित करते हुए प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

सामाजिक सरोकार और रचनात्मकता को बढ़ावा
विद्यालय परिवार के अनुसार, इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में रचनात्मकता, सामूहिक सहभागिता, सामाजिक सरोकार और देश के प्रति सकारात्मक भावना को प्रोत्साहित करना है। छात्राओं और विद्यालय स्टाफ के आपसी सहयोग से यह पूरा कार्यक्रम बेहद सफल और उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।






