अंडा। शैलदेवी महाविद्यालय अंडा दुर्ग के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा दिनांक 21 दिसंबर से 27 दिसंबर 2024 तक ग्राम आमटी के शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में सात दिवसीय विशेष सामुदायिक शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन 21 दिसंबर को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के एन मिश्रा की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य अतिथि ग्राम–आमटी के सरपंच घनश्याम साहू ने शिविर की शुरुआत करते हुए युवाओं को ग्रामीण विकास और समाज सेवा में योगदान देने की प्रेरणा दी।

उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, NSS कार्यक्रम अधिकारी, और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस सात दिवसीय शिविर के दौरान विभिन्न रचनात्मक, सेवा कार्यों एवम् गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से स्वच्छता अभियान–गाँव के सार्वजनिक स्थलों और प्राथमिक शाला परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य शिविर–निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और परामर्श का आयोजन कर ग्रामवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। योग एवं दर्शन विभाग के सहा. प्राध्यापक श्री हिमांशु केसरवानी ने शिविरार्थियों को नित्य प्रति योगाभ्यास द्वारा स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
बौद्धिक चर्चा सत्र– सप्ताहभर अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिकारियों का बौद्धिक परिचर्चा में आगमन हुआ जिनके द्वारा पास्को एक्ट, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतियोगिता हेतु चयन, व्यक्तित्व विकास,कैरियर मार्गदर्शन आदि की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शैक्षिक जागरूकता–प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के लिए विशेष शिक्षा सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें डॉ. रजनी राय विभागाध्यक्ष (शिक्षा) द्वारा महिलाओ में डिजिटल साक्षरता के साथ व्यक्तित्व विकास पर शिविरार्थियों को मार्गदर्शन दिया गया। पौधारोपण एवं सुरक्षा अभियान– पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से गाँव में वृक्षारोपण किया गया। तुलसीराम साहू थाना अध्यक्ष अंडा ने साइबर क्राइम व यातायात सुरक्षा पर जानकारी प्रदान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम– संध्या समय मे ग्राम संपर्क अभियान एवम देसी खेल का आयोजन किया गया। वहीं ग्रामवासियों के समक्ष ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए रात्रि 8:00 से 10 तक लोक गीत, नृत्य और नाटक आदि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ।
27 दिसंबर 2024 को समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री राजन दुबे, अध्यक्ष, शैलदेवी महाविद्यालय, उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण विकास और युवा सशक्तिकरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम अधिकारी श्रीमति योगिता नशीने द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
ढाल सिंह साहू सहा. प्राध्यापक msw एवं राजेश साहू, सहा. प्राध्यापक गणित विभाग का शिविर व्यवस्थापन में विशेष योगदान रहा।
राष्ट्रीय सेवा योजना के इस प्रयास ने न केवल ग्रामवासियों को लाभान्वित किया बल्कि स्वयंसेवकों को भी समाज सेवा और नेतृत्व कौशल का अनुभव प्रदान किया। शिविर की सफलता के लिए ग्रामवासियों, स्वयंसेवकों और महाविद्यालय परिवार का समर्पण सराहनीय रहा।






