शमी ने शनाका को किया रन आउट तो रोहित शर्मा ने खेल भावना दिखाकर वापस ली ‘मांकडिंग’ की अपील

मुंबई । भारत ने श्रीलंका को तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में 67 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। मंगलवार (10 जनवरी) को गुवाहाटी में मैच के दौरान एक रोचक वाकया देखने को मिला, जिस कारण टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ हो रही। लोग उनकी खेल भावना से काफी प्रभावित हैं।

दरअसल, भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका को रनआउट कर दिया। रोहित शर्मा ने उन्हें रोकते हुए ‘मांकडिंग’ की इस अपील को वापस ले लिया। इसके बाद शनाका उनके पास गए और हाथ मिलाया। यह पूरा वाकया मैच के आखिरी ओवर में देखने को मिला। शनाका 98 रन पर नाबाद थे। शमी जब चौथी गेंद करने के लिए आगे बढ़े तो उन्हें शनाका को क्रीज से बाहर देख लिया। इसके बाद उन्होंने गेंद नहीं की और नॉन-स्ट्राइकर एंड पर शनाका को रनआउट कर दिया।

मैदानी अंपायर ने तीसरे अंपायर से राय जानने के लिए जैसे ही संपर्क किया, रोहित ने उन्हें रोक दिया। भारतीय कप्तान ने अपील को वापस ले ली। इसके बाद शनाका ने अपना शतक भी पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक है। मैच के बाद जब रोहित शर्मा से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ”मुझे तो इस बात का भी अंदाजा नहीं था कि शमी ने ऐसा किया है। शनाका 98 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। हम उन्हें इस तरह आउट नहीं करना चाहते। उन्होंने शानदार पारी खेली।’