चैत्र नवरात्रि में आस्था का केंद्र बना शीतला दरबार, 39 ज्योति कलश स्थापित

अंडा। ग्राम पंचायत चिंगरी स्थित प्रसिद्ध शीतला दरबार में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। यहां बैगा सालिक राम निर्मलकर के मार्गदर्शन में 39 ज्योति कलश स्थापित किए गए हैं, जो क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।
नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन माता शीतला की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। सुबह-शाम आरती और भजन-कीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंच रहे हैं और मनोकामनाएं मांग रहे हैं।


इस अवसर पर बैगा सालिक राम निर्मलकर ने बताया कि ज्योति कलश स्थापना से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर परिसर में व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और हर ओर “जय माता दी” के जयकारे गूंज रहे हैं।