रायपुर।छत्तीसगढ़ के सहकारिता क्षेत्र से आज एक बड़ी खबर सामने आ रही है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक), रायपुर के संचालन और इसके बोर्ड की शक्तियों का प्रयोग करने के लिए गठित अशासकीय व्यक्तियों की कमेटी में एक महत्वपूर्ण विस्तार किया गया है। जगदलपुर के वरिष्ठ नेता श्री शिव नारायण पाण्डेय को अपेक्स बैंक का नया उपाध्यक्ष नामांकित किया गया है। वहीं, श्री केदार नाथ गुप्ता पहले की तरह बैंक के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे।

पंजीयक, सहकारी संस्थाएं, छत्तीसगढ़ के रमेश कुमार शर्मा द्वारा आज इस संबंध में आधिकारिक आदेश (क्रमांक/निर्वाचन/न.क्र.-02/2026/4726) जारी कर दिया गया है।
छानबीन समिति की बैठक में लगी मुहर

जारी आदेश के अनुसार, श्री केदार नाथ गुप्ता को 21 मई 2025 के एक कार्यालयीन आदेश के जरिए अपेक्स बैंक के बोर्ड की शक्तियों का प्रयोग करने के लिए पहले ही प्राधिकृत (authorized) किया जा चुका था। इसके बाद, छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी अधिनियम 1960 की धारा 49(8) और छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी नियम 1962 के नियम 43-ख के उपनियम (3) के तहत गठित छानबीन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक 02 नवम्बर 2026 को बुलाई गई। इस बैठक में श्री शिव नारायण पाण्डेय को कमेटी का सदस्य नामांकित करने की मजबूत अनुशंसा की गई।
छानबीन समिति की इसी अनुशंसा को स्वीकार करते हुए पंजीयक द्वारा पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है। अब धारा 49(8) के तहत बनाई गई यह दो-सदस्यीय अशासकीय कमेटी आगामी आदेश तक अपेक्स बैंक के बोर्ड की सभी शक्तियों और अधिकारों का प्रयोग करते हुए बैंक का कामकाज संभालेगी।







