पाटन। ग्राम धुमा में आगामी 20 से 22 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय भव्य शिव-शक्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक अनुष्ठानों और पूजन कार्यक्रमों के साथ पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण रहेगा। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 20 फरवरी 2026 को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कलश यात्रा एवं वेदी पूजा का आयोजन होगा। कलश यात्रा ग्राम में भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान से पूजन संपन्न होगा।
द्वितीय दिवस 21 फरवरी 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक शिव अधिवास (धान, चावल, फूल एवं जल) पूजन एवं पाठ का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
तृतीय एवं अंतिम दिवस 22 फरवरी 2026 को सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक शिवलिंग स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा पूजन तथा महाभोग भंडारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ग्रामवासियों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।







